PRD, Pakur
Attached Photo : district_press Release
Subject : जिला जनसंपर्क कार्यालय, पाकुड़ ============================= प्रेस विज्ञप्ति संख्या:- 599 ============================= दिनांक:-17-04-2026 ============================= उपायुक्त की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक गोदाम प्रबंधक, परिवहन-सह-हथालन अभिकर्ता, पी.ई.जी. महेशपुर के प्रतिनिधि एवं डोर स्टेप डिलीवरी से जुड़े सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत माह मई एवं जून, 2026 के खाद्यान्न के अग्रिम उठाव एवं वितरण, ई-केवाईसी कार्य की प्रगति तथा धान अधिप्राप्ति योजना 2025-26 की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री कुमार अभिषेक सिंह द्वारा अवगत कराया गया कि सरकार के निर्देशानुसार लाभुकों को मई एवं जून माह का खाद्यान्न अग्रिम रूप से उपलब्ध कराने हेतु उठाव एवं डोर स्टेप डिलीवरी के माध्यम से वितरण सुनिश्चित किया जाना है। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि माह अप्रैल, 2026 में डोर स्टेप डिलीवरी संबंधी कार्य पूर्ण किए जाने के बावजूद मात्र 53.60% लाभुकों को ही खाद्यान्न वितरित किया जा सका है। विशेष रूप से प्रखंड लिट्टीपाड़ा एवं अमड़ापाड़ा की प्रगति अत्यंत संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर उपायुक्त ने संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय- सीमा के भीतर शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें। माह मई, 2026 के खाद्यान्न का अब तक मात्र 60.16% उठाव भारतीय खाद्य निगम डिपो से किया गया है, जबकि उठाव किए गए खाद्यान्न में से केवल 9.14% ही डोर स्टेप डिलीवरी के माध्यम से वितरित किया गया है। उपायुक्त ने सभी सहायक गोदाम प्रबंधकों को निर्देशित किया कि प्राप्त खाद्यान्न का शीघ्र डोर स्टेप डिलीवरी के माध्यम से जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। लापरवाही की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्रीन योजना के अंतर्गत माह अप्रैल, 2026 में मात्र 44.24% लाभुकों को ही खाद्यान्न वितरित किया गया है। प्रखंड अमड़ापाड़ा एवं लिट्टीपाड़ा की स्थिति विशेष रूप से कमजोर पाई गई। उपायुक्त ने दोनों प्रखंडों के आपूर्ति पदाधिकारियों को चेतावनी देते हुए योजनावार वितरण में तेजी लाने एवं उत्तरदायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। माह अप्रैल, 2026 का ‘आहार दिवस’ दिनांक 26 अप्रैल, 2026 को मनाया जाएगा। इस अवसर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए विशेष अभियान के तहत सभी वंचित लाभुकों को खाद्यान्न एवं अन्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। ई-केवाईसी कार्य की अत्यंत धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अपने-अपने प्रखंड में न्यूनतम 2% लाभुकों का ई-केवाईसी कार्य दिनांक 20 अप्रैल, 2026 तक पूर्ण कर वर्तमान प्रगति में वृद्धि सुनिश्चित करें। KPI के अंतर्गत लंबित 303 कार्डधारियों के भौतिक सत्यापन को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया गया कि आगामी समीक्षात्मक बैठक (दिनांक 26 अप्रैल, 2026) से पूर्व सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी भौतिक निरीक्षण कर प्रतिवेदन जिला आपूर्ति पदाधिकारी को उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। धान अधिप्राप्ति योजना 2025-26 की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि संबंधित मिलों से अग्रिम सीएमआर की प्राप्ति समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए तथा प्राप्ति के अनुरूप धान का उठाव कर किसानों का भुगतान समय पर कराया जाए। =============================== Teamprdpakur on dated 18/04/2026
Attached File :
(Go Back To District Press Release)