| Subject : |
जिला जनसंपर्क कार्यालय, पाकुड़
================================
प्रेस विज्ञप्ति संख्या:- 594
=================================
दिनांक:-17-04-2026
================================
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में दिए महत्वपूर्ण निर्देश
उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन, उपाधीक्षक सदर अस्पताल, सभी कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वास्थ्य विभाग के रोडमैप पर विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी एवं समयबद्ध रूप से लागू किया जाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिले में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा आमजन तक स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।उपायुक्त ने 100 डेज़ टीबी अभियान” की समीक्षा करते हुए इसे पूर्ण प्रभावशीलता के साथ संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत व्यापक जन-जागरूकता हेतु प्रचार रथ का संचालन किया जाए, सभी टीबी मरीजों को शत प्रतिशत पोषण किट उपलब्ध कराई जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को निक्षय मित्र के रूप में जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही, विभिन्न कार्यालयों को टीबी मरीजों को गोद लेने हेतु प्रोत्साहित करने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त, कालाजार, मलेरिया, लेप्रोसी एवं अन्य संक्रामक रोगों के नियंत्रण हेतु सक्रिय केस सर्च अभियान चलाने तथा प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावी रूप से आईआरएस सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अंत में, उपायुक्त द्वारा सभी डीडीओ को अपने- अपने कार्यालयों के बैंक खातों की नियमित एवं सघन जांच सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
=============================
Teamprdpakur on dated 18/04/2026 |